ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
धार शहर के आनंद चौपाटी क्षेत्र में गुरुवार अल सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव मुख्य चौराहे पर खून से लथपथ एवं नग्न अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान आनंद चौपाटी निवासी कुणाल व्यास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय नागरिकों एवं सफाई कर्मी की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीएसपी सुजावल जग्गा, कोतवाली थाना प्रभारी दीपक चौहान सहित पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला आत्महत्या या स्वयं को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस ने हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।
फिलहाल पुलिस दोनों ही एंगल—आत्महत्या और हत्या—को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।




