ब्यूरो चीफ: आशाराम कुंडले
खरगोन, 06 अप्रैल 2026। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में नेशनल टास्क फोर्स (NTF) के अप्रैल माह के कैलेंडर के अंतर्गत “स्वस्थ आदतें, मनोवैज्ञानिक परामर्श, प्रेरणा एवं लक्ष्य निर्धारण पर आधारित व्यक्तित्व विकास कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग, केस डिस्कशन, प्रेरक प्रसंगों और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनने, सकारात्मक सोच विकसित करने और अपने जीवन के लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सुश्री प्रणिता गुप्ता ने विद्यार्थियों को स्वस्थ आदतें अपनाने, नियमित दिनचर्या बनाए रखने और लक्ष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली ही सफलता की पहली सीढ़ी है।
डॉ. प्रियंका दुबे ने लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने उद्देश्यों को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर निरंतर प्रयास करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं डॉ. गणेश पाटिल ने प्रेरक कहानी के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के बाद विद्यार्थियों में उत्पन्न तनाव, दबाव और निराशा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि असफलता जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है और इससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि तनाव की स्थिति में आत्मघाती कदम समाधान नहीं हैं, बल्कि संवाद, परामर्श और सकारात्मक सोच से हर समस्या का समाधान संभव है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार और अनुभव साझा किए। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना और लक्ष्य के प्रति जागरूक एवं प्रतिबद्ध बनाना रहा।




