ब्यूरो चीफ: आशाराम कुंडले
खरगोन, 03 अप्रैल 2026।
देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं को भारतीय सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने हेतु पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, खरगोन में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई इस कार्यशाला में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेना भर्ती की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में आर्मी भर्ती कार्यालय, महू से आए सूबेदार मेजर श्री घनश्याम सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि अग्निवीर योजना के तहत जनरल ड्यूटी (GD), एसकेटी, टेक्निकल तथा 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थियों के लिए ट्रेड्समेन पदों पर भर्ती की जाएगी। साथ ही महिला सेना पुलिस में युवतियों के लिए भी करियर के अवसरों पर विशेष जानकारी दी गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ही आगे शारीरिक दक्षता परीक्षण में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक फिटनेस दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।
जिला रोजगार कार्यालय के कार्यक्रम प्रभारी श्री राजपाल सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अग्निवीर बनना न केवल देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर है, बल्कि इसके पश्चात केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसरों में भी विशेष प्राथमिकता मिलती है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री फरहत उल्लाह खान ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित तैयारी करने की सलाह दी और अग्निवीर योजना में समय रहते पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला रोजगार कार्यालय के विषय विशेषज्ञ श्री आनंद टेकाडे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के युवाओं को सेना भर्ती की सटीक जानकारी देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना रहा।




