जिला ब्यूरो: चित्रांश शर्मा, शाहपुरा
शाहपुरा नगर परिषद के प्रशासक सुनील कुमार मीना एवं आयुक्त रिंकल गुप्ता ने नगर क्षेत्र की मुख्य सड़कों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जमादारों को मुख्य मार्गों से कूड़ा तुरंत हटाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों की नालियों की समुचित सफाई के भी आदेश जारी किए गए।
आगामी फूलडोल मेला 2026 को ध्यान में रखते हुए भीलवाड़ा रोड एवं मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई और मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासक व आयुक्त ने स्पष्ट किया कि परिषद क्षेत्र में संचालित स्थानीय विक्रेताओं एवं सब्जी बाजार की हाथगाड़ियों को एक ही पंक्ति में व्यवस्थित रूप से खड़ा किया जाए तथा परिषद भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाए।
निरीक्षण के दौरान परिषद के सहायक अभियंता कुलदीप जैन, स्वास्थ्य निरीक्षक हेमंत पौंडारिक, स्वच्छ भारत मिशन अभियंता प्रहलाद गुलपरिया, स्वच्छता प्रभारी विकास घुसर सहित सत्येंद्र कुमार, कलूलाल, अमित कुमार, नितिन, लखन, आज़ाद, विनोद एवं अन्य स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।
आयुक्त महोदया ने मौके पर मौजूद व्यापारियों एवं ग्राहकों से सड़कों पर कूड़ा नहीं फैलाने, दुकानों व हाथगाड़ियों में अनिवार्य रूप से कूड़ेदान रखने तथा कचरा परिषद के ऑटो-टिपर में ही डालने की अपील की। परिषद प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।




