रिपोर्टर चित्रांश शर्मा
पूर्व में जिला रह चुका शाहपुरा नगर, जो धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है, वहीं स्थित नगर का सबसे बड़ा गणेश मंदिर — श्री भाणा गणेश जी मंदिर में रविवार शाम को अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु उमड़े और गणेश भगवान की आराधना कर पुण्य लाभ लिया।
यह भव्य आयोजन श्याम सेवा समिति भक्त मंडल के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री गणेश जी महाराज को अन्नकूट का भोग लगाया गया। मंदिर परिसर को दीपों और रंग-बिरंगी विद्युत सजावट से आकर्षक रूप दिया गया। गणेश जी महाराज की आदमकद प्रतिमा को स्वर्ण चोला, चांदी का मुकुट और पुष्प श्रृंगार से अलंकृत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आलोकित नजर आया।
पूरे दिन विशेष पूजा-अर्चना और भजन-संकीर्तन चलते रहे। शाम को विधि-विधानपूर्वक अन्नकूट का भोग धराया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भक्ति और भावनाओं से ओत-प्रोत पंगत प्रसादी का आनंद लिया। आयोजन के दौरान गणेश भक्तों के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
विशेष उल्लेखनीय है कि शाहपुरा नगर पालिका रघुनंदन सोनी के प्रयास द्वारा इसी वर्ष लगभग 40 लाख रुपए की लागत से मंदिर परिसर में एक बड़ा और भव्य हॉल का निर्माण कराया गया है, जिससे भविष्य में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधा मिल सकेगी।
भाणा गणेश जी मंदिर शाहपुरा नगर ही नहीं, बल्कि आस-पास के ग्रामीण अंचलों के लोगों की भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। माना जाता है कि प्रत्येक वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन करने और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करने आते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।




