ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 9 अप्रैल। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने गुरुवार को झुंझुनूं पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खाजपुर नया में रात्रि चौपाल आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों की शिकायतें रखीं। इस पर कलेक्टर ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं गांव की सड़कों पर जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत अधिकारियों को इसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा गांव में साफ-सफाई की कमी और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, तहसीलदार महेंद्र मूंड, डीईओ (माध्यमिक) राजेश मील, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पूनिया, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह लांबा, उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. विजयपाल कस्वा, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौड़, झुंझुनूं सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. जितेंद्र स्वामी, एपीआरओ विकास चाहर, जिला रोजगार अधिकारी दयानंद यादव सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




