ब्यूरो रिपोर्ट: नागेश प्रजापत, प्रतापगढ़
छोटीसादड़ी।
मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए समाजसेवी शेख दाऊद भाई फैजल हुसैन बोहरा ने महावीर इंटरनेशनल केंद्र, छोटीसादड़ी को एक डेड बॉडी डीप फ्रीजर भेंट किया। इस अवसर पर एक विशेष लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महावीर इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी दाऊद भाई बोहरा तथा जोन अध्यक्ष चांदमल बोखड़िया मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का साफा व शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन ने संगठन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में मानवता सर्वोपरि है और ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं।
वहीं समाजसेवी दाऊद भाई बोहरा ने कहा कि वे सदैव पीड़ित मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे और जब भी सेवा के लिए उन्हें याद किया जाएगा, वे हर समय उपलब्ध रहेंगे।
कार्यक्रम में रिजल्ट सेवन के डायरेक्टर कांतिलाल दक ने संस्था के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य अमृतलाल बंडी ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि केंद्र अध्यक्ष कैलाश गिरी गोस्वामी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्ण नगरी वीरा केंद्र की अध्यक्ष पूजा लसोल और सचिव मंजू जायसवाल का भी सम्मान किया गया।




