ब्यूरो रिपोर्ट: प्रहलाद जणवा
बड़ीसादड़ी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को नगर के उप जिला चिकित्सालय परिसर में भारत विकास परिषद की झाला मन्ना शाखा की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 56 महिला-पुरुषों ने रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
भारत विकास परिषद के निदेशक घासीलाल नागौरी ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ नागरिक युवा मंच, पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान, सकल जैन समाज, सेवा उदयपुर, विहिप, महावीर इंटरनेशनल वीरा सहित कई संगठनों ने सहयोग दिया। सेवा उदयपुर के प्रहलाद जणवा ने बताया कि शिविर में उदयपुर की सरल ब्लड बैंक टीम ने रक्त संग्रह किया।
शिविर का उद्घाटन सेवानिवृत्त प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. नरेंद्र मोगरा, विनोद कंठालिया, डॉ. मनोज मीणा, हरिसिंह कंठालिया तथा भारत विकास परिषद के स्थानीय अध्यक्ष नरेंद्र कंठालिया ने भारत माता और भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
हीमोग्लोबिन की कमी से कई महिलाएं नहीं कर सकीं रक्तदान
महिला दिवस के अवसर पर दर्जनों महिलाएं उत्साह के साथ रक्तदान के लिए शिविर स्थल पर पहुंचीं, लेकिन जांच के दौरान कई महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर 12 ग्राम से कम पाया गया, जिसके कारण वे रक्तदान के योग्य नहीं मानी गईं और निराश होकर वापस लौटना पड़ा। इसी तरह कुछ युवकों को भी रक्त की कमी और दवाइयां चलने के कारण रक्तदान से मना किया गया।
कई संगठनों ने किया सहयोग
शिविर में भारत विकास परिषद के प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी अजय डांगी, नाथूलाल टेलर, सकल जैन समाज अध्यक्ष जिनेन्द्र डांगी, साधुमार्गी जैन संघ अध्यक्ष राजमल भंडारी, अभिभाषक संघ अध्यक्ष जगदीश प्रसाद वैष्णव, सेवा उदयपुर के प्रहलाद जणवा और महावीर इंटरनेशनल वीरा अध्यक्ष अमिता मेहता सहित कई वक्ताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया।
नियमित रक्तदाताओं का सम्मान
शिविर में अरुण कंठालिया ने 49वीं बार तथा भगवतसिंह शक्तावत ने 21वीं बार रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




