ब्यूरो चीफ: अकलीम अहमद, अमेठी
जगदीशपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगदीशपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में एक दिव्यांग दंपति को इलाज के दौरान भारी परेशानियों का सामना करते हुए देखा जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्यांग दंपति ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में उन्हें व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं कराई गई। हालात इतने खराब रहे कि अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दिव्यांग व्यक्ति को घसीटते हुए कक्ष तक ले जाना पड़ा। इस अमानवीय स्थिति का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद चिंताजनक है।
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




