ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी, सवाई माधोपुर
खण्डार कस्बे में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब Punjab National Bank के सामने खड़ी एक बाइक से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना करीब दोपहर 12:30 बजे की है। एक व्यक्ति अपनी बाइक बैंक के बाहर खड़ी कर अंदर काम से गया था। इसी दौरान बाइक से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। आसपास मौजूद लोगों की नजर जैसे ही बाइक पर पड़ी, वे तुरंत हरकत में आ गए।
लोग बाल्टियों में पानी भरकर मौके पर पहुंचे, वहीं बैंक के कर्मचारियों ने भी तत्परता दिखाते हुए बैंक के अंदर से अग्निशमन यंत्र और सिलेंडर बाहर लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाइक मालिक भी बैंक से बाहर आया और अपनी बाइक की स्थिति देखकर स्तब्ध रह गया। हालांकि, लोगों और बैंक कर्मचारियों की सजगता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
स्थानीय लोगों ने बैंक कर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और बैंक परिसर को भी नुकसान हो सकता था।




