ब्यूरो रिपोर्ट: श्याम कुमारी परतेती
जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा)। जुन्नारदेव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत खमरा कला में ‘परते-परतेती परिवार’ द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में छिंदवाड़ा, बैतूल, होशंगाबाद सहित महाराष्ट्र राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में परिवार के सदस्य उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में सामाजिक एकता और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य परिवार के सदस्यों के बीच आपसी परिचय बढ़ाना तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना था। इस अवसर पर ‘देव खलियान परिवार’ के लिए एक भवन निर्माण के प्रस्ताव पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों ने समाज की एकता, परंपराओं के संरक्षण और आपसी सहयोग की भावना को बनाए रखने पर जोर दिया। समारोह के दौरान परिवार के वरिष्ठ सदस्यों एवं पुजारियों का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इनमें श्याम परते, मिश्रीलाल परते, केवलराम परते तथा विभिन्न परिवारों के पुजारी—पटाव, गांड़ुआ, माटिया, कराझारिया, अडका भंडारिया और पटारी परिवार शामिल रहे।
इस आयोजन में बैतूल, होशंगाबाद और छिंदवाड़ा जिले के अनेक गांवों जैसे बगडोना, तामिया, परासिया और जुन्नारदेव सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में परिवार के सदस्य पहुंचे और कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में मातृशक्ति और पितृशक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने में श्याम परते, रामप्रकाश परतेती, महादेव सिंह, अंतराम परतेती, सजनलाल परतेती, निमंसा, आकाश मेहरवान, दिनेश, जामुनसा, दीपक रविशंकर, शनिलाल तथा परिवार के अन्य वरिष्ठ सदस्यों और समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




