ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
बनेड़ा/शाहपुरा। बनेड़ा क्षेत्र के चमनपुरा गांव में पूर्णिमा एवं हनुमान जयंती के पावन अवसर पर संतों का भव्य महा संगम आयोजित किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में विभिन्न पंथों के संतों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गांव के समाजसेवी एवं धार्मिक प्रवृत्ति के मगनीराम चंदेल के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से संतों का आगमन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संतों के स्वागत से हुई, जिसमें चंदेल परिवार द्वारा तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर एवं पूजा-अर्चना के साथ संतों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संतों ने भी मगनीराम चंदेल, रामचंद्र चंदेल, श्याम चंदेल, ज्ञानमल चंदेल सहित पूरे चंदेल परिवार का माला पहनाकर अभिनंदन किया और संतों के इस महा संगम के आयोजन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
सत्संग कार्यक्रम के दौरान संतों द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर रात्रि तक चले इस कार्यक्रम में भगवान के भजनों की स्वर लहरियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पूर्णिमा एवं हनुमान जयंती के इस पावन अवसर पर संतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर भजनों का आनंद लिया।
इस भव्य सत्संग में कुल 28 संतों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई। गांव में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।




