ब्यूरो चीफ: चित्रांश शर्मा, शाहपुरा (भीलवाड़ा)
सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल जी के जन्मोत्सव चेटीचंड महोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली गई वाहन रैली का त्रिमूर्ति चौराहा, बस स्टैंड पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
रैली के त्रिमूर्ति चौराहा पहुंचने पर विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र “जय झूलेलाल”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गुंजायमान हो उठा।
स्वागत कार्यक्रम में जिला संपर्क प्रमुख विनोद सनाढ्य, प्रखंड अध्यक्ष राजेश सिंह राणावत, प्रखंड संयोजक विष्णु सिखवाल, नगर अध्यक्ष भगवान लढा सहित समाजसेवी शांतिलाल मामोडिया, भेरूलाल कहार, नारायण तेली, कैलाश साहू, भोपाजी नारायण कुमावत एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि चेटीचंड महोत्सव सिंधी समाज का प्रमुख पर्व है, जिसे भगवान झूलेलाल जी के जन्मोत्सव के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर निकाली जाने वाली रैली समाज की आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक मानी जाती है।




