ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 7 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय झुंझुनूं में जिला अध्यक्ष हर्षिणी कुलहरि के नेतृत्व में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पार्टी के स्थापना दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर देहात संगठन प्रभारी श्री ओम जी सारस्वत रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह दिन उन लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, सेवा और समर्पण को स्मरण करने का दिन है, जिनके बलिदान और परिश्रम से वर्ष 1980 में स्थापित पार्टी आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में पार्टी के पास केवल दो विधायक थे, लेकिन आज करोड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा एक मजबूत संगठन बन चुकी है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा “राष्ट्र प्रथम” को इसकी मूल भावना बताया।
जिला अध्यक्ष हर्षिणी कुलहरि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की नींव पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रसिद्ध पंक्तियों “अंधेरा छटेगा, सूरज उगेगा और कमल खिलेगा” को याद किया गया।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर पार्टी कार्यालय में दीपोत्सव मनाया गया। वहीं स्थापना दिवस के दिन ध्वजारोहण के पश्चात कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और संगठन की मजबूती का संकल्प लिया।




