ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को झुंझुनूं शहर के कोतवाली थाने में सीएलजी एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक देवेन्द्र सिंह राजावत, कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक, जिला झुंझुनूं के निर्देशानुसार आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता गोपाल सिंह ढाका, वृताधिकारी (शहर) ने की। बैठक में श्रवण कुमार, थानाधिकारी कोतवाली झुंझुनूं सहित विद्युत विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी प्रमुख पर्व—रामनवमी, ईद-उल-फितर, गणगौर, हनुमान जयंती एवं अंबेडकर जयंती—को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान सीएलजी सदस्य, शांति समिति सदस्य, आशा सहयोगिनी, ग्राम रक्षक, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपस्थित जनों से त्योहारों के दौरान संभावित समस्याओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए गए, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने सभी से अपील की कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे, धार्मिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान शराब पीकर उत्पात मचाने, कानून-व्यवस्था भंग करने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।




