ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
धूलंडी के अवसर पर नवलगढ़ का ऐतिहासिक गेर जुलूस मंगलवार को तय समयानुसार पूरे उत्साह, उमंग व अनुशासन के साथ शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। हजारों की संख्या में लोगों ने इस पारंपरिक आयोजन में भाग लेकर आपसी भाईचारे और सद्भाव का परिचय दिया। शहर के मुख्य मार्ग गुलाल और रंगों से सराबोर नजर आए । ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं ने जमकर उत्सव मनाया।
गेर जुलूस सुबह लगभग 8:30 बजे चूणा चौक से प्रारंभ होकर पोदार गेट, मिंतर चौक, नाहरसिंह पार्क, नानसा गेट एवं पुरानी नगरपालिका होते हुए निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ा और दोपहर करीब 12:30 बजे मरकज मस्जिद के समीप संपन्न हुआ।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग व पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने नवलगढ़ में मौजूद रहकर संपूर्ण आयोजन की निगरानी की तथा कानून-व्यवस्था पर सतत नजर बनाए रखी। उन्होंने गेर जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग के लिए आमजन का आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा पूर्व से ही व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई थीं। शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। जुलूस मार्ग पर ढीले विद्युत तारों की मरम्मत, गैर-जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग, सड़कों की मरम्मत, निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में भिजवाना, भीड़ नियंत्रण के उपाय तथा फ्लैग मार्च जैसी व्यवस्थाएं पूर्व में ही पूर्ण कर ली गई थीं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत आरएसी सहित 800 से अधिक पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात रहा। साथ ही ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी रखी गई, जिससे आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सका।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि होली का गेर जुलूस नवलगढ़ की समृद्ध परंपरा एवं आपसी सौहार्द का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष हर्षोल्लास और अनुशासन के साथ मनाया जाता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत, उपखण्ड अधिकारी नवलगढ़ कुलदीप सिंह शेखावत, वृताधिकारी नवलगढ़ महावीर सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




