ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
बदनावर, 5 अप्रैल। दहेज विरोधी संस्था मध्य प्रदेश के तत्वावधान में नगर के संजोग गार्डन परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 40 वक्ताओं ने दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम प्रभारी पोपसिंह राठौड़ (पप्पी बना) ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे भगवान श्री रणथंबोर गणेश जी एवं मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की आरती के साथ हुई, जबकि समापन शाम 4:27 बजे हुआ।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि दहेज लेना और देना दोनों ही अपराध हैं और समाज को इस कुरीति से बचने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा दान है, जो एक पिता अपनी पुत्री को दे सकता है।
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, निशानेबाजी, सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। साथ ही पत्रकारिता में उत्कृष्ट लेखन के लिए पत्रकारों को भी मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस दौरान जयपुर की तलवारबाजी टीम की मातृशक्ति द्वारा आकर्षक प्रदर्शन किया गया। टीम को प्रोत्साहन स्वरूप सिरोही की 100 तलवारें श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह चौहान द्वारा भेंट की गई।
कार्यक्रम में ऐश्वर्या चंद्रदेव सिंह, विक्रम सिंह, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। इसके अलावा महेंद्र सिंह राठौड़, गणपत सिंह राठौड़, राजेंद्र सिंह राठौड़, मंगल सिंह सीराणा, वीरेंद्र सिंह सिसोदिया, महेंद्र सिंह पंवार, शक्ति सिंह मुरलिया, मदरूप सिंह सोनगरा, अंतर सिंह पवार, कोकसिंह पवार, भगवान सिंह राठौर, डॉ. नरेंद्र सिंह राजावत, धर्मेंद्र सिंह राठौड़, अमृता सिंह शक्तावत, आराधना सिंह सोलंकी, इंद्रजीत सिंह जौलाना सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पवार द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।




