ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
मांडल। क्षेत्र में भारतरत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को इस वर्ष भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में मांडल की पाल पर भीम सेना द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें 14 अप्रैल को होने वाले जयंती समारोह की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशाल रैली, आमसभा एवं विभिन्न सामाजिक-शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
भीम सेना के जिला संयोजक महावीर मेघवंशी ने बताया कि इस वर्ष अंबेडकर जयंती को बड़े स्तर पर मनाने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक बन सके।
जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार बलाई ने सभी कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं से आह्वान किया कि वे 14 अप्रैल को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि अंबेडकर जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का माध्यम है।
बैठक में घनश्याम मेघवंशी ने अपने विचार रखते हुए समाज में एकता और जागरूकता पर बल दिया। वहीं जिला विधिक सलाहकार एडवोकेट राजमल मेघवंशी ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज जितना अधिक शिक्षित होगा, उतना ही सशक्त और जागरूक बनेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश मेघवंशी, शाहपुरा ब्लॉक अध्यक्ष अमरचंद बेरवा, नंदलाल बलाई, डॉ. भीमराव अंबेडकर संघ मांडल अध्यक्ष कालू लाल खटीक, राजू लाल बलाई (जोधरास), अमित गहलोत, जीवन राम ऐरवाल, सौरभ कटारिया, नारायण भाटी, यूट्यूब पर प्रसिद्ध देवा बलाई, शिवलाल ऐरवाल, कैलाश मेघवंशी, हरि ओम मेघवंशी (नेगड़िया) सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर अंबेडकर जयंती को भव्य रूप से मनाने और समाज में समरसता, शिक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।




