ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबूरोड। राजस्थान युवा कांग्रेस के चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विभिन्न पदों के लिए कई युवा नेता चुनावी मैदान में उतरकर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इसी क्रम में तीन बार प्रदेश महासचिव रह चुके कद्दावर नेता भरत सराधना (देवासी) ने इस बार प्रदेश महासचिव पद के लिए अपनी धर्मपत्नी मंजुला देवासी को मैदान में उतारा है। मंजुला देवासी को इस पद के लिए एक मजबूत और प्रखर दावेदार माना जा रहा है।
चुनावी मैदान में उतरते ही भरत सराधना के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन में लंबे अनुभव और मजबूत जनसंपर्क का लाभ मंजुला देवासी को मिल रहा है, जिससे उनकी जीत की संभावनाएं भी प्रबल मानी जा रही हैं।
युवा कांग्रेस के इस चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है, जहां एक ओर नए चेहरे अपनी पहचान बनाने की कोशिश में हैं, वहीं अनुभवी नेताओं का समर्थन भी कई उम्मीदवारों के लिए अहम भूमिका निभा रहा है।




