ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। रामस्नेही संप्रदाय के संस्थापक महाप्रभु स्वामी रामचरण महाराज का 228वां निर्वाण महोत्सव शुक्रवार को रामनिवास धाम में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का आगाज राम नाम जप यज्ञ से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महोत्सव के तहत कार्यवाहक भंडारी संत नवनीध राम महाराज ने अपने प्रवचनों में भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि “ब्रह्म देश सू आईया, धर रामचरण जी नाम, भक्ति राज जमाय कै, फिर पहुँच्या वाही ठाम।” उन्होंने भक्ति, सेवा और सत्संग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्चे मन से किया गया नाम स्मरण ही जीवन को सफल बनाता है।
इस अवसर पर समाजसेवा का परिचय देते हुए रामहेत धुमस के सहयोग से 25 जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उपस्थित लोगों ने इस कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में सुर्यप्रकाश बिड़ला, कैलाश चंद्र तोषनीवाल, रामेश्वर लाल बसेर, दीनदयाल मारू, रामहेत धुमस, नारायण सिंह, राकेश सोमाणी सहित कई रामस्नेही भक्त मौजूद रहे। सभी ने महाप्रभु स्वामी रामचरण महाराज के जीवन आदर्शों को अपनाने और समाज में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
निर्वाण महोत्सव के तहत आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और सत्संग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी।




