ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
शाहपुरा। नववर्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर शाहपुरा नगर में विराट हिन्दू शोभायात्रा एवं धर्मसभा का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के लगभग 160 गांवों से भगवाधारी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा नगर भगवामय नजर आया।
शोभायात्रा की विशेष आकर्षण मातृशक्ति द्वारा निकाली गई 1000 कलशों की भव्य कलशयात्रा, 30 तलवारों से सुसज्जित शस्त्र वाहिनी तथा 108 आकर्षक झांकियां रहीं। शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों की धुन पर ग्रामीणों ने प्रभात फेरियों के साथ भगवा ध्वज लहराते हुए सहभागिता की।
कार्यक्रम के ग्रामीण तहसील संयोजक रामेश्वर लाल धाकड़ एवं सहयोगी भैरूलाल कहार ने बताया कि व्यापक स्तर पर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर निमंत्रण दिया गया था, जिसके परिणामस्वरूप भारी जनसमूह उपस्थित हुआ।
कलशयात्रा 19 मार्च को प्रातः 11 बजे सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल से प्रारंभ होकर जहाजपुर मार्ग, कलिंजरी गेट, बालाजी की छतरी, सदर बाजार, कुंडगेट, त्रिमूर्ति चौराहा, बारहठ स्मारक होते हुए रामद्वारा के सामने से पुनः विद्यालय परिसर में पहुंची।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक साध्वी सरस्वती दीदी ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए सनातन धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला तथा हिंदू समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में नववर्ष को चैत्र शुक्ल पक्ष से मनाने की परंपरा पर बल दिया और समाज में संस्कारों को सुदृढ़ करने की बात कही।
साध्वी ने माताओं से बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और संस्कारयुक्त जीवन देने का आग्रह किया। साथ ही युवाओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया।
शस्त्र प्रमुख विभाग संयोजक धनराज वैष्णव, राजेश सिंह राणावत एवं विष्णु वैष्णव के नेतृत्व में शस्त्र वाहिनी का संचालन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 7:30 बजे प्रसिद्ध गायिका स्वाति मिश्रा द्वारा प्रभु श्रीराम के भजनों की संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
नववर्ष के इस आयोजन ने शाहपुरा में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।




