ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 21 मार्च।
कावेंद्र सिंह सागर, जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को जिले की सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस नियंत्रण कक्ष, अभय कमांड सेंटर, साइबर थाना एवं रिजर्व पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नियंत्रण कक्ष में रिस्पॉन्स सिस्टम की समीक्षा
पुलिस नियंत्रण कक्ष के निरीक्षण के दौरान एसपी ने आपातकालीन कॉल्स की रिस्पॉन्स टाइम, कॉल अटेंडिंग प्रक्रिया तथा सूचना के त्वरित संप्रेषण की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कॉल पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।
अभय कमांड सेंटर में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
अभय कमांड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग एवं तकनीकी संसाधनों का निरीक्षण करते हुए शहर की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। एसपी ने संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर नजर रखने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों पर सख्ती के निर्देश
साइबर थाना निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। एसपी ने साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड एवं अन्य डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित अनुसंधान एवं कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया।
रिजर्व पुलिस लाइन का लिया जायजा
रिजर्व पुलिस लाइन में अनुशासन, आवासीय व्यवस्था, कैंटीन, डॉग स्क्वॉयड, एमटी शाखा, कोत, स्टोर, आर्मर वर्कशॉप एवं मैस सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, फिटनेस और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता पर जोर
निरीक्षण के अंत में एसपी ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




