मानपुर। ग्यारस के पावन अवसर पर मानपुर स्थित श्री ज्ञानेश्वर महादेव मंदिर में खाटू श्याम फाग महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल विशेष अभिषेक से हुई।
https://youtu.be/x7Fnvl09uuQ?si=on-yt1Jk3CmBVN-a
मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु हाथों में ध्वज लिए जयकारों के साथ नगर भ्रमण करते हुए मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र श्याममय हो गया। दोपहर में फूलों की होली का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर फाग उत्सव का आनंद लिया। मंदिर परिसर भजनों और कीर्तन से गूंज उठा। शाम को आयोजित भजन संध्या में भजन गायकों ने श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित भक्त भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में मंदिर समिति एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंदिर समिति ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ती है। अंत में प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




