ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह
सीतापुर (उत्तर प्रदेश)
सीतापुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 8 महीने बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के शरना गांव में ज्योति नाम की महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ससुराल पक्ष उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की शादी करीब 8 महीने पहले ही हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर ज्योति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसकी हत्या की गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह एक सामान्य मौत है या दहेज प्रताड़ना का मामला। पूरे घटनाक्रम पर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।




