ब्यूरो चीफ: चित्रांश शर्मा
शाहपुरा, 6 मई।
शाहपुरा के नई आबादी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और बढ़ती असामाजिक गतिविधियों के विरोध में स्थानीय नागरिकों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा व जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नागरिकों ने बताया कि 4 मई को इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक, शाहपुरा को भी लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग बिना वैध लाइसेंस के आवासीय क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। संबंधित स्थान विद्यालय व मस्जिद के निकट होने के कारण बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। साथ ही, यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ने से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
नागरिकों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत करने पर संबंधित लोगों द्वारा धमकी और अभद्र व्यवहार की घटनाएं भी सामने आई हैं।
ज्ञापन में पुलिस अधीक्षक व जिला कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।




