ब्यूरो चीफ: अकलीम अहमद, अमेठी
अमेठी से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत बाजार शुक्ल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि भाई की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों भाई-बहन किसी इलाज के सिलसिले में घर से निकले थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।




