ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
बदनावर। भारतीय जनता पार्टी बखतगढ़ मंडल की मंडल स्तरीय कामकाजी बैठक बुधवार को ग्राम घटगारा स्थित होटल ग्रीन मालवा में आयोजित की गई। बैठक में मंडल प्रभारी एवं भाजपा जिला मंत्री विनीत मंडलोई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष महेंद्रसिंह सक्तावत, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र जाट, वरिष्ठ नेता ईश्वरसिंह डोडिया एवं जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी ‘कवि’ मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ की गई।
मंडल अध्यक्ष संजयसिंह राठौर ने स्वागत भाषण देते हुए बैठक के उद्देश्य और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। अपने संबोधन में विनीत मंडलोई ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत संगठन की मजबूती, शीर्ष नेतृत्व की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें। प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा वर्षभर सक्रिय रहने वाला दल है और अब हर माह मंडल बैठक आयोजित करना अनिवार्य किया गया है।
महेंद्रसिंह सक्तावत ने संगठन विस्तार एवं संरचनात्मक मजबूती पर विचार रखे, जबकि जितेंद्र जाट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर तक आयोजित करने पर जोर दिया। ईश्वरसिंह डोडिया एवं मनोज सोलंकी ने भी संगठन सुदृढ़ीकरण और योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की बात कही।
बैठक का संचालन मंडल महामंत्री कमलेश्वरसिंह चूंडावत ने किया तथा आभार मंडल महामंत्री रामेश्वर पाटीदार ने व्यक्त किया। बैठक में मंडल पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और महामंत्री उपस्थित रहे।
जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी ने जानकारी दी कि विधानसभा क्षेत्र के सभी छह मंडलों में इस प्रकार की कामकाजी बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती द्वारा सभी मंडलों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें बदनावर नगर मंडल के लिए डॉ. बलबहादुरसिंह, ग्रामीण मंडल के लिए सुभाष जायसवाल, बखतगढ़ मंडल के लिए विनीत मंडलोई, कानवन मंडल के लिए राखी राय, बिड़वाल मंडल के लिए मोहित तांतेड़ तथा सादलपुर मंडल के लिए रोमा मंडलोई को जिम्मेदारी सौंपी गई है।




