ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबूरोड, 6 मई। शहर के मुख्य बाजार में बुधवार को नगर पालिका द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब पालिका कर्मचारियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच तीखी बहस हो गई। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को जब्त कर ट्रैक्टर में डाले जाने पर व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर पालिका की टीम बिना पूर्व सूचना के बाजार क्षेत्र में पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों को उठाकर ट्रैक्टर में रखा जाने लगा, जिससे व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। व्यापारियों का कहना था कि इस तरह की अचानक कार्रवाई से उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ता है और उन्हें पहले सूचना दी जानी चाहिए थी।
वहीं, नगर पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक भवानी सिंह ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन को राहत देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पूर्व में कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन पालन नहीं होने पर मजबूरन सख्ती बरतनी पड़ी।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई अनिल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थिति सामान्य होने के बाद पालिका टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी।
पालिका प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि भविष्य में इस तरह की सख्त कार्रवाई से बचा जा सके।




