ब्यूरो रिपोर्ट: जतिंदर कुमार मित्तल
फरीदकोट, 05 मई 2026।
फरीदकोट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मॉल रोड स्थित एक मोबाइल दुकान की छत तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रज्ञा जैन (IPS) के नेतृत्व में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई। एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) जोगेश्वर सिंह गोराया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। डी.एस.पी. (सब-डिवीजन) तरलोचन सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह उर्फ दीपु निवासी दशमेश नगर, फरीदकोट के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 1-2 मई की दरमियानी रात को अज्ञात व्यक्ति द्वारा मॉल रोड स्थित एक मोबाइल स्टोर की छत तोड़कर मोबाइल फोन, एलईडी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 2 एलईडी और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले को सुलझाने में पीसीआर और थाना सिटी फरीदकोट की पुलिस टीमों की अहम भूमिका रही।
इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि उससे आगे की पूछताछ की जा सके।




