ब्यूरो रिपोर्ट: महेश पांडुरंग शेंडे
गडचिरोली। दूरदराज़ और अति-दुर्गम क्षेत्रों के शिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित एक विशेष रोजगार मेले में अभूतपूर्व सफलता देखने को मिली। इस अवसर पर माननीय राज्य मंत्री एवं जिले के पालक मंत्री आशीष जायसवाल के हाथों युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इस रोजगार मेले में कुल 38 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेते हुए 1278 युवाओं को रोजगार प्रदान किया। प्रमुख कंपनियों में Mahindra & Mahindra, Tata Motors, Flipkart, DMart और Lloyds Metals and Energy Limited शामिल रहीं।
मेले में 4000 से अधिक बेरोजगार युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 2400 उम्मीदवार प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। इनमें गडचिरोली पुलिस बल के अधिकारियों और कर्मचारियों के बच्चों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
नियुक्ति का विवरण इस प्रकार रहा:
- महिंद्रा एंड महिंद्रा: 367
- हिताची (जलगाँव): 134
- फ्लिपकार्ट व डी-मार्ट: 120
- टोयोटा-किर्लोस्कर: 30
- कुल नियुक्ति पत्र: 1278
चयनित उम्मीदवारों को 1.80 लाख रुपये से लेकर 3.60 लाख रुपये तक का वार्षिक वेतन पैकेज प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अविशांत पांडा और पुलिस अधीक्षक निलोत्पल सहित अन्य अधिकारियों ने चयनित युवाओं को नियुक्ति प्रमाण पत्र देकर उनका सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह रोजगार मेला न केवल युवाओं के लिए अवसरों का द्वार बना, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भी उभरकर सामने आया।




