ब्यूरो रिपोर्ट: परमजीत शर्मा
भीखी/मानसा। ब्यूरो चीफ परमजीत शर्मा की विशेष रिपोर्ट के अनुसार, भीखी नगर में नौजवान ब्राह्मण सभा के तत्वावधान में दो दिवसीय भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस आयोजन में नगर पंचायत सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
उत्सव के प्रथम दिन श्री रामचरितमानस का पाठ आरंभ हुआ, जिसकी पवित्र ज्योति डॉ. जनक राज (मानसा) एवं तरसेम (जोगा) द्वारा प्रज्वलित की गई। इसके पश्चात मिठ्ठू बाबा जी एवं थाना मुखी गुरमेल सिंह ने झंडी दिखाकर भव्य शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा सती माता मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
यात्रा का नेतृत्व बीजेपी जिला महामंत्री बब्बू दानेबालिया, सनातन धर्म सभा अध्यक्ष सुमीर छावड़ा एवं डॉ. गुरतेज सिंह समाओं ने किया। पूरे नगर में श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान परशुराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
दूसरे दिन हवन-यज्ञ का आयोजन डॉ. राकेश कुमार वोबी द्वारा विधिवत रूप से संपन्न कराया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति में नौजवान ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष जसबीर पेंटर, महामंत्री नवदीप ऋषि, कोषाध्यक्ष विकास गोड़, डॉ. लाजपत ऋषि, जसबीर सीरा, मदन लाल मद्दी, सती माता मंदिर कमेटी अध्यक्ष मखन लाल, पवन ठेकेदार, मनोहर ऋषि एवं केवल ऋषि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हलका विधायक डॉ. विजय सिंगला, अकाली दल के नेता प्रेम अरोड़ा, जिला परिषद सदस्य करमजीत कौर समाओं, पुष्पिंदर सिंह, कांग्रेस नेता अमन ढैपी तथा बलकौर सिंह ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
इस अवसर पर शिरोमणि पं. श्याम लाल पन्नी वाला ने कथा-प्रवचन कर श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति का संदेश दिया। कार्यक्रम की जानकारी नौजवान ब्राह्मण सभा के प्रमुख नेता एवं बीजेपी जिला युवा अध्यक्ष अजय ऋषि द्वारा दी गई।
समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला।




