ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने 17 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिले के समस्त आसूचना अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष फोकस रखते हुए आसूचना तंत्र को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने आगामी सार्वजनिक आयोजनों एवं महत्वपूर्ण अवसरों को ध्यान में रखते हुए खुफिया संकलन को सशक्त करने, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा संभावित घटनाओं की पूर्व सूचना एकत्रित कर समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी तत्वों एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा उनकी जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने, सूचना संकलन की गुणवत्ता सुधारने तथा सूचनाओं के त्वरित और गोपनीय आदान-प्रदान के साथ विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी आसूचना अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने, हर छोटी-बड़ी सूचना को गंभीरता से लेने, बदमाशों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने, इनामी अपराधियों व अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।




