ब्यूरो रिपोर्ट: जीव भाई प्रजापति
बाड़मेर, 05 मई।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने मंगलवार को बाड़मेर पंचायत समिति की रानीगांव ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान कुल 17 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल संकट, सड़क की ऊंचाई संबंधी समस्या, नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, विद्युत विभाग से जुड़े ट्रांसफर, शिफ्टिंग एवं लोड बढ़ाने के कार्य तथा रोडवेज बस सुविधा जैसी महत्वपूर्ण समस्याएं शामिल रहीं।
जिला कलक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएचसी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रात्रि चौपाल से पूर्व जिला कलक्टर ने रानीगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।




