ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
झुंझुनूं, 3 मई।
राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत जिलेभर में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। रविवार को अभियान के अंतर्गत जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के दो दर्जन से अधिक गांवों में ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ग्राम रथ के गांवों में पहुंचते ही कार्यक्रम स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान 13 विभागों की प्रमुख योजनाओं का डिजिटल माध्यम से जीवंत प्रसारण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आमजन से अधिकाधिक योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों ने गीत, भजन और नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं की जानकारी रोचक अंदाज में प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों ने न केवल ग्रामीणों का मनोरंजन किया, बल्कि योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया।
विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका एवं प्रचार सामग्री वितरित कर जागरूक किया। वहीं, ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम रथ के साथ सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें ग्रामीणों ने अपने सुझाव और फीडबैक दर्ज कराए।
आज इन गांवों में पहुंचेगा ग्राम रथ
मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव ने बताया कि सोमवार को सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भिर्र, देवलावास, सांतौर, पांथरोली व भालौठ में, झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र के चिचड़ौली, भड़ौंदा कला व भड़ौंदा खुर्द में, मंडावा विधानसभा क्षेत्र के हनुमानपुरा, चूड़ी चतरपुरा व अजीतगढ़ में, उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के पोंख, किशोरपुरा, गुढ़ा बावनी व गुढ़ागौड़जी में, खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के रामकुमारपुरा, काली पहाड़ी, संजय नगर व विजय नगर में, पिलानी विधानसभा क्षेत्र के फरट, बिजौली व दोबड़ा में तथा नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बड़वासी, कोलसिया व बाय गांवों में ग्राम रथ पहुंचेगा।




