ब्यूरो रिपोर्ट: महेश पांडुरंग शेंडे
गडचिरोली/सिरोंचा।
जिला सामान्य अस्पताल गडचिरोली और पंचायत समिति सिरोंचा के संयुक्त तत्वावधान में सिरोंचा में आयोजित विशाल दिव्यांग जांच शिविर को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। दुर्गम क्षेत्रों से आए कुल 816 लाभार्थियों ने शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पूरे दिन सेवाएं प्रदान कीं। जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाडे एवं अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. छाया उईके के मार्गदर्शन में डॉ. बाळू सहारे, डॉ. मनीष मेश्राम, डॉ. ईश्वर मेश्राम, डॉ. प्रशांत पेंडाम, डॉ. मोरे सहित तकनीशियन, फिजियोथेरेपिस्ट और मनोवैज्ञानिकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना और उन्हें उपचार से जोड़ना रहा। कड़ी धूप और भारी भीड़ के बावजूद चिकित्सकीय टीम ने धैर्य और समर्पण के साथ प्रत्येक लाभार्थी की जांच की।
अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. छाया उईके ने बताया कि सिरोंचा जैसे दूरस्थ क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी स्थानीय योजना की सफलता को दर्शाती है। वहीं, गुट विकास अधिकारी सुखीराम कस्तुरे ने कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक पहुंचने का प्रयास किया गया, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला।
तालुका स्वास्थ्य अधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कन्नाके ने शिविर की सफलता का श्रेय स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना ही विभाग का प्रमुख लक्ष्य है।




