ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
शाहपुरा में सकल ब्राह्मण समाज एवं विप्र सेना के तत्वावधान में भगवान श्री हरि विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। आयोजन की शुरुआत 18 अप्रैल को सायं 7 बजे भगवान परशुराम जी मंदिर में भजन संध्या से होगी, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
19 अप्रैल को प्रातः 8:15 बजे भगवान परशुराम जी का विधि-विधान से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 5 बजे रामद्वारा से भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों—कलिंजरी गेट, बालाजी की छतरी, त्रिमूर्ति चौराहा, भाणा गणेश जी मंदिर एवं खान्या बालाजी होते हुए भगवान परशुराम जी मंदिर पहुंचेगी।
मंदिर पहुंचने पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा, इसके बाद भगवान को भोग अर्पित कर प्रसादी वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में विप्र सेना की महिला, युवा एवं जिला कार्यकारिणी सहित समाज के अनेक लोग सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आयोजकों ने समस्त समाजजनों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।




