ब्यूरो रिपोर्ट: प्रहलाद जणवा
छोटीसादड़ी।
क्षेत्र के गोठड़ा गांव स्थित देव डूंगरी के सुप्रसिद्ध चमत्कारी देवनारायण मंदिर में कलश स्थापना के उपलक्ष्य में श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव एवं अखंड पंच कुंडी महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा व उत्साह के साथ किया जा रहा है। इस आयोजन को जणवा समाज एवं ग्रामवासियों के सहयोग से भव्य रूप दिया जा रहा है।
गांव के पटेल गणपतलाल जणवा ने बताया कि रविवार को श्री राम जानकी धर्मशाला प्रांगण से 101 गांवों की प्रभात फेरी एवं महिलाओं की जल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान की सुसज्जित शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी, जहां कथा का शुभारंभ होगा। कथा वाचन फतहनगर के सुप्रसिद्ध पंडित माणकचंद मेनारिया द्वारा किया जाएगा, जिनकी ओजस्वी वाणी में श्रद्धालु भागवत कथा का श्रवण करेंगे।
फूलों व रोशनी से सजा मंदिर परिसर
धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है। मंदिर परिसर एवं कथा स्थल को आकर्षक फूलों की सजावट और रंग-रोगन के साथ सुसज्जित किया गया है। विद्युत रोशनी की जगमगाहट से वातावरण और भी भव्य व मनमोहक हो गया है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए ग्रामीण दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं और तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं।
महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शनिवार को मंदिर में आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान के दर्शन किए। मंदिर पुजारी अर्जुनलाल गायरी के सानिध्य में करीब सवा घंटे तक चली महाआरती में देवनारायण भगवान सहित खाकल देव बावजी, मामा देव बावजी, भैरव बावजी, जोईड़ा श्याम बावजी, गोरा जी भैरव, काला जी भैरव एवं शेषनाग अवतार की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया।
आयोजन को लेकर ग्रामीणों में गहरा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।




