ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
झुंझुनूं, 6 मई। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को मंडावा विधानसभा क्षेत्र की कायस्थपुरा ग्राम पंचायत में सांध्य चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण रथ के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान के प्रयास किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान के जरिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री गहलोत ने बताया कि जिले में संचालित जागरूकता रथों के माध्यम से ग्राम विकास से जुड़े 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि यह अभियान सरकार के दो वर्षों के कार्यों को आमजन तक पहुंचाने, सुझाव प्राप्त करने तथा समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। वहीं निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी ने कहा कि प्रशासन गांवों तक पहुंचकर राहत देने का कार्य कर रहा है, जिससे जनता में संतोष का वातावरण बना है।
जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक एलईडी वाहन आवंटित किया गया है, जो प्रतिदिन तीन से पांच गांवों में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 216 ग्राम पंचायतों में 40 हजार से अधिक लोगों से संवाद किया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, ट्राई साइकिल वितरण, पट्टा वितरण, बीमा क्लेम एवं अन्नप्राशन जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को दस्तावेज सौंपे गए। ग्रामीण रथ के माध्यम से योजनाओं से संबंधित वीडियो क्लिप का प्रसारण किया गया तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
इससे पूर्व जीवा वाली ढाणी और पकोड़ी की ढाणी में प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत एवं विधायक राजेंद्र भांबू ने भामाशाहों के सहयोग से निर्मित कक्षों का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ कैलाश यादव, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पूनिया, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, तहसीलदार महेंद्र मूंड, विशंभर पूनिया, कमलकांत शर्मा, मुरारी सैनी, रोहताश धांगड़, दलीप सैनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




