ब्यूरो चीफ: इमरान खान, आबू रोड
आबू रोड। टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ऐतिहासिक जीत अपने नाम की। इस जीत के बाद पूरे देश में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने जश्न मनाकर भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि का स्वागत किया।
इसी कड़ी में आबू रोड शहर भी जीत के जश्न में सराबोर नजर आया। जैसे ही भारत की जीत की खबर आई, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने सड़कों पर निकलकर खुशी का इजहार किया। हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं और शहरवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं।
इस दौरान लोगों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। हर ओर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में भारतीय टीम की इस जीत को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
शहरवासियों ने कहा कि भारतीय टीम की यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।




