ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
निवाड़ी। जिले के पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नैगुवा गांव निवासी 21 वर्षीय युवक को कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध संपर्कों के मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने हिरासत में लेकर दिल्ली रवाना किया है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैगुवा गांव निवासी अनमोल राय को 5 मई की शाम करीब 7 बजे दिल्ली से आई क्राइम ब्रांच की टीम ने उसके घर से पकड़ा। बताया जा रहा है कि युवक के पाकिस्तान से संपर्क होने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की आशंका के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि आधिकारिक तौर पर आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार अनमोल राय पूर्व में गांव में चोरी की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा था। करीब दो वर्ष पहले वह मजदूरी के लिए दिल्ली चला गया था और बाद में वापस गांव लौट आया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अधिकतर समय घर पर ही रहता था।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को युवक के मोबाइल की ऑडियो कॉल, वॉयस कॉलिंग और ईमेल के जरिए पाकिस्तान से संपर्क होने के संकेत मिले हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उसके हथियार के साथ फोटो भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली क्राइम ब्रांच मामले में अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है।
वहीं जितेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि दिल्ली की टीम यहां आई थी और उन्होंने सूचना दी थी कि दिल्ली में युवक के खिलाफ मामला दर्ज है। इसके बाद टीम उसे गिरफ्तार कर अपने साथ दिल्ली ले गई।
फिलहाल आरोपी से दिल्ली में पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहन पड़ताल कर रही हैं।




