ब्यूरो चीफ: आशाराम कुंडले
खरगोन, 12 मई 2026। कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खरगोन शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर मसालों के नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खरगोन शहर के जवाहर मार्ग स्थित निर्मल किराना से हल्दी पावडर के तीन नमूने तथा जय जमूना ट्रेडर्स से हल्दी पावडर का एक नमूना लिया। वहीं कसरावद क्षेत्र में वी. सुपर मार्ट से हल्दी पावडर के दो नमूने, संजय किराना से एक हल्दी पावडर का नमूना, नोबल किराना से मसालों के दो नमूने तथा नजमी किराना से एक मिर्च पावडर और एक अन्य मसाले का नमूना संग्रहित किया गया।
इसी प्रकार महेश्वर स्थित महाजन ट्रेडर्स से हल्दी पावडर का एक नमूना लिया गया, जबकि बड़वाह में अन्नपूर्णा मसाला एवं दीपक किराना स्टोर्स से भी हल्दी पावडर के नमूने एकत्र किए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगामी दिनों में भी जिलेभर में औचक निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एच.एल. अवास्या, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.आर. सोंलकी एवं एन.एस. सोंलकी मौजूद रहे।




