ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी, सवाई माधोपुर
सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर कस्बे में बनास नदी में नहाते समय बह गए युवक का शव आखिरकार सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया। युवक मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कराहल क्षेत्र का निवासी आदिवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक शुक्रवार को नदी में नहाते समय गहरे पानी में बह गया था। घटना के बाद तुरंत सिविल डिफेंस की टीम ने सुबह 8 बजे से ही सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था, जो देर शाम अंधेरा होने तक जारी रहा। हालांकि पहले दिन शव नहीं मिल सका, जिसके चलते अभियान को रोकना पड़ा।
शनिवार सुबह एक बार फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया और कुछ समय बाद टीम को सफलता मिली। सिविल डिफेंस के जवानों ने शव को नदी से बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
लगातार प्रयासों के बाद सिविल डिफेंस टीम ने अपनी तत्परता दिखाते हुए युवक के शव को ढूंढ निकाला। यह घटना नदी में सावधानी बरतने की जरूरत को भी उजागर करती है।




