ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
धर्मनगरी राजगढ़ में सोमवार से भव्य धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला का शुभारंभ होने जा रहा है। नगर के मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पर श्री महावीर हनुमान गौशाला मंदिर ट्रस्ट मोयाखेड़ा एवं संत रविदास ट्रस्ट मंडल राजगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सर्व समाज के सहयोग से श्रीराम कथा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन संतों का सान्निध्य प्राप्त होगा, वहीं सर्व समाज के लिए निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
1100 कलश के साथ निकलेगी भव्य यात्रा
आयोजन का शुभारंभ सोमवार सुबह 9 बजे “पांच धाम एक मुकाम” श्री माताजी मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। 1100 कलशों के साथ निकलने वाली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। बैंड-बाजों के साथ निकलने वाली यह यात्रा माताजी मंदिर से प्रारंभ होकर मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पहुंचेगी।
इस दौरान सिंगेश्वर धाम के काशीगिरी जी महाराज के परम शिष्य महंत श्री रामेश्वरगिरिजी महाराज, रामपालकी धाम के सर्वेश्वरदासजी महाराज के शिष्य प्रेमदासजी महाराज, ब्रह्मलीन संत श्री रामशंकर दास जी महाराज के शिष्य एवं गौशाला संस्थापक महंत श्री रामप्रकाशदास जी महाराज, मोहनखेड़ा तीर्थ से संत श्री जीतचंद्र विजय जी महाराज सहित कई संत विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कथा के लिए वातानुकूलित विशाल पंडाल तैयार
श्रीराम कथा के लिए मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पर लगभग 1500 वर्गफीट का वातानुकूलित पंडाल तैयार किया गया है। कथा का वाचन माताजी मंदिर के ज्योतिषाचार्य पं. पुरुषोत्तम जी भारद्वाज के श्रीमुख से 4 मई से 12 मई तक प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए कूलर, ठंडे पानी और अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रतिदिन सायंकाल भंडारे का आयोजन भी होगा।
संत कमल किशोर नागर जी भी रहेंगे मौजूद
आयोजन समिति के लक्ष्मण डामेचा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रीराम कथा के दौरान मालवा के प्रसिद्ध संत कमल किशोर नागर जी एवं उनके पुत्र प्रभुजी नागर भी उपस्थित रहेंगे।
आयोजन के अंतर्गत 8 से 12 मई तक प्रतिदिन प्रातः 8:30 से 11:30 बजे तक श्रीराम नाम जप महायज्ञ आयोजित होगा। वहीं 13 मई को सर्व समाज के लिए निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं भव्य नगर चौरासी का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्रभर के संतों को आमंत्रित किया है और धर्मप्रेमी जनता से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




