ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबूरोड, 3 मई। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री Ashok Gehlot के जन्मदिन के अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति द्वारा सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए परिन्दे लगाए गए तथा उन्हें पानी और दाना उपलब्ध कराया गया।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए मूक पशुओं के लिए भी जगह-जगह पानी की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें राहत मिल सके। यह आयोजन आबूरोड पंचायत समिति संयोजक ललित सांखला एवं जिला मीडिया प्रभारी अजय बंजारा के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
इस मौके पर अजय बंजारा ने कहा कि अशोक गहलोत सदैव जनसेवा, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों की राजनीति के पक्षधर रहे हैं। उनके जन्मदिन पर इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने अशोक गहलोत के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डॉ. शेर मोहम्मद, नवीन सांखला, शकील अहमद, गोविंद अग्रवाल, एडवोकेट सुनील कुमार, मोहम्मद रफ़ीक, नवीन बंजारा, मुकेश जीनगर, अजय राणा, रितिक सरगरा, प्रकाश चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।




