ब्यूरो चीफ: इमरान खान, आबू रोड
सिरोही, 3 मई 2026। जिले के रेवदर तहसील स्थित भटाना गांव की 31 वर्षीय चार्टेड अकाउंटेंट कोमल जैन 6 मई को सांसारिक जीवन का त्याग कर संयम मार्ग अपनाते हुए साध्वी दीक्षा ग्रहण करेंगी। आईसीआईसीआई बैंक में मैनेजर पद पर कार्यरत रहीं कोमल जैन का यह निर्णय क्षेत्र में आस्था और चर्चा का विषय बना हुआ है।
दीक्षा समारोह आचार्य भगवंत Raviratna Suri एवं Jayesh Ratna Suri के सान्निध्य में सम्पन्न होगा। कोमल जैन, तपस्वीरत्न साध्वी श्री धर्मांगरेखाश्रीजी की शिष्या बनेंगी और आचार्य गुणरत्नसूरी परंपरा की 497वीं शिष्या के रूप में दीक्षा लेंगी।
परिवार के अनुसार, कोमल जैन ने उच्च शिक्षा और बैंकिंग करियर के बावजूद जैन धर्म के प्रति गहरा लगाव रखा। पालीताणा में उपधान के दौरान आध्यात्मिक प्रेरणा मिलने के बाद उनका रुझान संयम जीवन की ओर बढ़ा। उन्होंने संस्कृत, कर्मग्रंथ, जीवविचार और नवतत्व शास्त्र का अध्ययन कर दीक्षा का मार्ग चुना।
दीक्षार्थी कोमल जैन ने कहा, “संसार एक सपना है, संयम का मार्ग सत्य का मार्ग है।” उन्होंने अपने माता-पिता को श्रेष्ठ संस्कारों के लिए धन्यवाद देते हुए आत्मकल्याण के इस मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा बताई।
भटाना गांव में इससे पूर्व भी सात साध्वियां दीक्षा लेकर धर्म प्रभावना कर चुकी हैं, जिससे गांव को विशेष पहचान मिली है। वर्तमान में यह गांव जैन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र बनता जा रहा है।
आज होगा आचार्य भगवंतों का भव्य सामैया
दीक्षा महोत्सव के तहत सोमवार प्रातः 7 बजे आचार्य भगवंतों का भव्य मंगल प्रवेश एवं सामैया आयोजित होगा। इसके बाद गुरुवंदना, शक्रस्त्व अभिषेक, मामेरू एवं कर्म केसरिया (वस्त्र रंगाई) जैसे विविध धार्मिक कार्यक्रम होंगे। रात्रि में प्रभु भक्ति एवं भक्ति संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
मंगलवार को भव्य वर्षीदान वरघोड़ा निकलेगा, जबकि बुधवार को प्रातः शुभ मुहूर्त में दीक्षा समारोह सम्पन्न होगा। इस अवसर पर देशभर, विशेषकर दक्षिण भारत से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन भटाना पहुंच रहे हैं।
गांव को विशेष रूप से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।




