ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
चिराखान।
समीपस्थ जयन्ती दिव्य धाम में आयोजित 21 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ एवं पशुपतिनाथ, शिव परिवार व नंदी महाराज की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी है। 5 मई से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक आयोजन 10 मई तक चलेगा, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
महायज्ञ के दौरान मुख्य यजमान सहित अन्य यजमान सपत्नीक हवनकुंड में आहुतियां अर्पित कर रहे हैं। यज्ञाचार्य पं. देवकीनंदन शास्त्री (कानवन) एवं पं. गजेन्द्र शर्मा (दसाई) द्वारा समस्त अनुष्ठान वैदिक विधि से संपन्न कराए जा रहे हैं।
आयोजन समिति मां जयन्ती दिव्य धाम सेवा समिति के अध्यक्ष अनिल पाटीदार एकरंगा ने बताया कि महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन पूजन, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान विधिवत संपन्न हो रहे हैं। वहीं रात्रिकालीन कार्यक्रमों में भजन संध्या, सुंदरकांड पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं।
यज्ञ से होता है वातावरण शुद्ध—यज्ञाचार्य
यज्ञाचार्य पं. देवकीनंदन शास्त्री ने यज्ञ की महत्ता बताते हुए कहा कि यज्ञ मनुष्य के लिए सर्वोत्तम कर्म है। यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है तथा नकारात्मक शक्तियों का नाश और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि वेदों में यज्ञ को साक्षात विष्णु स्वरूप माना गया है और प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों ने यज्ञ साधना से ही अद्भुत शक्तियां प्राप्त की थीं।
उन्होंने यह भी बताया कि यज्ञ से उत्पन्न हवन धुआं वायुमंडल को शुद्ध कर वर्षा में सहायक होता है, जिससे धरती पर अन्न उत्पादन बढ़ता है और जनमानस सुखी-समृद्ध रहता है।
श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़, व्यवस्थाएं सुचारू
यज्ञशाला की परिक्रमा के लिए आसपास के गांवों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर प्रतिदिन फलाहार, चाय, भंडारा एवं ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है।
बुधवार को देव पूजन, हवन एवं पुष्पाधिवास के कार्यक्रम संपन्न हुए। हवन के पश्चात महाआरती कर महाप्रसादी का वितरण किया गया।
आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। अतिथियों का स्वागत समिति अध्यक्ष अनिल पाटीदार द्वारा मां जयन्ती की तस्वीर भेंट कर किया गया।
आयोजन में चिराखान, बरमंडल, लाबरिया, दसई, खिलेड़ी, फुलेड़ी, पाना सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्मलाभ ले रहे हैं। आयोजन की जानकारी खेमचंद जायसवाल द्वारा दी गई।




