ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
भीलवाड़ा।
शहर की संजय कॉलोनी के वार्ड 35, 36, 48 व 59 में लंबे समय से बनी हुई जल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर बुधवार को निवर्तमान महापौर Rakesh Pathak के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को अवगत कराया कि क्षेत्र के निवासी लंबे समय से अनियमित व कम दबाव वाली जलापूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। इस पर निवर्तमान महापौर ने पीएचईडी विभाग के माध्यम से नई पाइपलाइन बिछाने तथा जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग रखी, ताकि भविष्य में पानी की किल्लत से राहत मिल सके।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और सड़कों से जुड़े अन्य स्थानीय मुद्दों पर भी शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस दौरान वार्ड 35 से कैलाश, वार्ड 36 से पार्षद सुशीला जैन, वार्ड 48 से सागर पाण्डे, वार्ड 59 से बादाम देवी माली, राजेंद्र जैन व दौलत माली सहित अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संजय कॉलोनी की जल समस्या का तकनीकी परीक्षण कर जल्द से जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।




