ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, विप्र फाउंडेशन जिला इकाई झुंझुनूं द्वारा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं इंदौर निवासी अशोक कुमार जोशी के झुंझुनूं आगमन पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला कलेक्टर अरुण गर्ग के आतिथ्य में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने की।
इस अवसर पर अशोक कुमार जोशी का माला, साफा एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा भगवान श्रीराम का चित्र प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
विप्र फाउंडेशन के जिला संयोजक उमाशंकर महमिया ने बताया कि अशोक कुमार जोशी मार्च-अप्रैल माह में पुष्कर में आयोजित 43 दिवसीय सफल “शत गायत्री पुरश्चरण” आयोजन के मुख्य व्यवस्थापक रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई प्रमुख हस्तियों ने सहभागिता निभाई थी।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए अशोक कुमार जोशी ने कहा कि विप्र फाउंडेशन ब्राह्मण समाज का एक अग्रणी संगठन है, जो विश्वभर में समाजहित, सेवा और सामाजिक एकता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों एवं समाज में एकजुटता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया, जिला मंत्री विकास पुरोहित, पूर्व पालिका अध्यक्ष मुकदगढ़ ओमप्रकाश जोशी, मुकदगढ़ व्यापार संघ अध्यक्ष पवन पचलंगिया, तहसील अध्यक्ष अनिल जोशी, मुरारका ट्रस्ट नवलगढ़ के संजय शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।




