ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। महात्मा गांधी चिकित्सालय में Rajasthan Nurses Union के बैनर तले भीलवाड़ा नर्सेज संगठन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राजस्थान नर्सेज यूनियन के जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट ने की। बैठक में 12 मई अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस को “सेवा सप्ताह” के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के संरक्षक फरीद मोहम्मद ने बताया कि 8 मई विश्व थैलेसीमिया दिवस पर नर्सेज संगठन बच्चों के साथ कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें शीतल पेय पिलाएगा। साथ ही “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” पोस्टर का विमोचन जिला कलेक्टर भीलवाड़ा द्वारा कराया जाएगा।
यूनियन के संयोजक अमित व्यास ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संरक्षक फरीद मोहम्मद को फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमा सजावट, हितेश लक्षकार को रक्तदान शिविर प्रभारी तथा गिरिराज लड्ढा और सिराज खान को टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई।
जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत 9 मई को भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए परिंडे बांधे जाएंगे। 10 मई को मदर्स डे के अवसर पर मिल्क बैंक में माताओं का विशेष सम्मान किया जाएगा। वहीं 11 मई को वृक्षारोपण के बाद मरीजों एवं उनके परिजनों को गर्मी से राहत देने हेतु छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि 12 मई विश्व नर्सेज दिवस पर 61 नर्सिंग कर्मियों को “लाइफटाइम नर्सेज डे अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज एवं महात्मा गांधी चिकित्सालय में कार्यरत सभी नर्सिंग स्टाफ को आमंत्रित किया जाएगा। भारतीय संस्कृति के अनुसार प्रत्येक वार्ड इंचार्ज को पीले चावल देकर निमंत्रण देने की परंपरा निभाई जाएगी।
बैठक में RNA शहर अध्यक्ष लाल सिंह राठौड़, रामजस चौधरी, करण सिंह सिसोदिया, दिनेश खटीक, ललित जीनगर, सिराज खान, सुनील व्यास, भागचंद धाकड़, विनोद सोनी, काशीराम नायक, पवन सिंघल, प्रेम सोलंकी, मुकेश मौर्य, दिनेश तिवारी, अनीता चौधरी, अनीता खोईवाल, रीना चंदेल, लीला माली, ललिता छीपा, विमला व्यास सहित कई नर्सिंग ऑफिसर उपस्थित रहे।




