ब्यूरो चीफ: आशाराम कुंडले, खरगोन (मध्य प्रदेश)
धार। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर 7 मई 2026 को खलघाट टोल प्लाजा स्थित एनएच-52 आगरा-मुंबई हाईवे पर बड़े चक्काजाम का ऐलान किया गया है। प्रस्तावित आंदोलन के चलते खलघाट से धामनोद के बीच यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने आमजन से आवश्यक होने पर ही इस मार्ग पर यात्रा करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार किसानों द्वारा सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चक्काजाम किया जाएगा। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने कई मार्गों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की है तथा वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लंबे जाम की स्थिति बन सकती है, जिससे छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग, मरीज, ट्रक चालक और बस यात्री घंटों तक फंस सकते हैं। ऐसी स्थिति में पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी परेशानी हो सकती है।
प्रशासन ने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही इस जनहित सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह भी किया गया है, ताकि लोग समय रहते सुरक्षित निर्णय ले सकें।
चक्काजाम के कारण खलघाट-धामनोद मार्ग पर दिनभर यातायात दबाव बढ़ने की संभावना है।




